एक्शन मोड में पुलिस प्रशासन,,,एएसपी प्रतिपाल महोबिया ने किया टिमरवानी टोल नाका व एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण,,,अवैध घुसपैठ रोकने और दुर्घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश…

थांदला@आयुष पाटीदार
8 लेन एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं और अवैध घुसपैठ की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल महोबिया ने बुधवार को एसडीओपी राजेश सुलिया, थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश एवं थाना प्रभारी काकनवानी तारा मंडलोई के साथ टिमरवानी टोल नाका एवं 8 लेन एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी महोदय ने एक्सप्रेस-वे पर अवैध प्रवेश बिंदुओं (कट पॉइंट्स) और घुसपैठ को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखी जाए।

इस दौरान सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों के लिए किए जाने वाले इंतजामों की भी समीक्षा की गई। साथ ही हाईवे पर तैनात NHAI पेट्रोलिंग वाहन एवं पुलिस पीसीआर वाहनों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
एएसपी प्रतिपाल महोबिया ने थाना काकनवानी एवं थाना थांदला पुलिस को संयुक्त अभियान (ज्वाइंट ऑपरेशन) चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों थाने समन्वय बनाकर 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर अवैध घुसपैठ रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करें।
पुलिस प्रशासन की इस पहल को एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती दुर्घटनाओं और सुरक्षा चुनौतियों के बीच एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




