कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने किया काकनवानी, मेघनगर एवं हरिनगर चौकी का आकस्मिक निरीक्षण..

थांदला@उमेश पाटीदार
जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा थाना काकनवानी, मेघनगर तथा चौकी हरिनगर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की स्वच्छता, मालखाना एवं हवालात की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। हवालात की स्थिति का निरीक्षण करते हुए बंदियों की सुरक्षा संबंधी आवश्यक मानकों के पालन हेतु निर्देश दिए गए। साथ ही मालखाने में रखे माल एवं हथियारों का रिकॉर्ड से मिलान कर उनके रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रशासनिक समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर एवं थाना क्षेत्र के नक्शे का अवलोकन करते हुए थाना प्रभारियों को क्षेत्र की भौगोलिक एवं जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के अनुरूप अपराध नियंत्रण की रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से CM Helpline के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित प्रकरण स्वीकार्य नहीं होंगे तथा सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में खड़े जप्तशुदा वाहनों एवं अवैध शराब के शीघ्र निराकरण हेतु भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पुराने वाहनों एवं जप्त शराब का समयबद्ध नष्टीकरण किया जाए ताकि थाना परिसर में अनावश्यक भीड़ कम हो तथा व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें। इसके अतिरिक्त सीसीटीएनएस एवं एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा एंट्री तथा साइबर शिकायतों के निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने समस्त थाना बल को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय एवं परिणाममूलक बनाया जाए। उन्होंने फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार रखने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने को पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय स्तर पर पुरस्कृत किए जाने की बात भी कही।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने हरिनगर-बालवासा एवं गुजरात सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का भी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने हेतु पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई। भ्रमण के दौरान उन्होंने पीपलखुटा स्थित मंदिर में दर्शन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। निरीक्षण के समय संबंधित थाना प्रभारियों सहित समस्त थाना बल उपस्थित रहा।




