रायपुरिया में पंचकुंडात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 17 से 23 अप्रैल तक, गाँव में भक्ति और उत्साह का संचार..

रायपुरिया@राजेश राठौड़
रायपुरिया (निप्र) में माँ अम्बे, प्रभु श्री राम-जानकी एवं श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं और पूरे गाँव में भक्ति, उत्साह एवं उल्लास का वातावरण व्याप्त है। यह भव्य धार्मिक आयोजन *17 अप्रैल से 23 अप्रैल* तक आयोजित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत *पंचकुंडात्मक शतचंडी महायज्ञ आचार्य डॉ. श्री देवेंद्र शास्त्री के सान्निध्य में* संपन्न कराया जाएगा। पाटीदार समाज द्वारा लगभग *डेढ़ करोड़ रुपये* की लागत से निर्मित भव्य मंदिर इस महोत्सव का मुख्य केंद्र रहेगा, जो क्षेत्र में आस्था और संस्कृति का प्रतीक बनकर उभर रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत *17 अप्रैल को प्रथम दिवस* पर हेमाद्रि संकल्प, दशविधि स्नान एवं प्रायश्चित हवन आयोजित होगा तथा शाम को *हनुमान भजन मंडल* द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। *18 अप्रैल* को श्री गणेश पूजन, कलश यात्रा एवं गंगाजल स्थापना के साथ धार्मिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे तथा शाम को *श्री खेड़ापति सुन्दरकाण्ड भक्त मंडल शाजापुर* द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। *19 अप्रैल* को देव पूजन के साथ नानी बाई का मायरा *पंडित श्री श्याम सुंदर जी त्रिवेदी ( ब्राम्हणखेड़ा)* द्वारा किया जाएगा, जो लगातार तीन रात्रियों तक चलेगा। *20 अप्रैल* को देव पूजन, यज्ञ, स्वःकर, सहस्त्रवचन, पत्र-पुष्प-फलाधिवास तथा *21 अप्रैल* को देव पूजन, यज्ञ, स्वःकर, न्यासविधान एवं मिष्ठानाधिवास जैसे वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। *22 अप्रैल* को देव यज्ञ, श्रीविग्रह रथ यात्रा, देव स्थान-स्थानाधिवास के साथ भगवान का नगर भ्रमण एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। *23 अप्रैल* को प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी के साथ इस महोत्सव का भव्य समापन होगा।
आयोजन को लेकर गाँव में व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। पंचकुंडी यज्ञशाला का निर्माण बांस एवं लकड़ी से किया जा रहा है, वहीं बस स्टैंड पर बांस से निर्मित भव्य मुख्य द्वार आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूरे गाँव को भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है तथा विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक रंग में रंग गया है। इस महोत्सव के लिए गाँव के सभी समाजों को निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस पावन अवसर पर अनेक पूज्य संतों का सान्निध्य प्राप्त होगा, जिनमें *गादीपति सिंघेश्वर धाम के श्री महंत रामेश्वर जी गिरी महाराज, श्री श्री 108 संत रत्न श्री दयाराम जी महाराज (पीपल खुटा धाम), भागवत आचार्य पंडित श्री कृष्ण गोपाल पुराणिक (दसई) एवं अंतरराष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता पंडित श्री बालकृष्ण जी (नगर खेड़ा, पिपलोदा)* प्रमुख रूप से शामिल होंगे। उनके आगमन से कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार समिति के सदस्य एवं समाज जन पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं उत्साह के साथ इस महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। समस्त ग्रामवासी एवं श्रद्धालुजन इस ऐतिहासिक और पुण्य अवसर पर सपरिवार पधारकर धर्मलाभ प्राप्त करें, ऐसी अपील भी समिति द्वारा की गई है।




