भगवान परशुरामजी के प्रकटोत्सव की तैयारियों को लेकर ब्राह्मण समाज की बैठक संपन्न, 19 अप्रैल को निकलेगा भव्य चल समारोह…

पेटलावद डेस्क। स्थानीय गुरुद्वारा परिसर में ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें आगामी 19 अप्रैल, रविवार को भगवान परशुरामजी का प्रकटोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक की शुरुआत सरस्वती नंदन स्वामी महाराज की महाआरती ओर गायत्री मंत्र के साथ हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में एक भव्य चल समारोह निकाला जाएगा। यह समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा, जहाँ विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा के साथ इसका स्वागत किया जाएगा।
समाज के अध्यक्ष मनोज जानी ने बैठक को संबोधित करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आगामी मई माह में समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, समाज के मेधावी बच्चों के प्रोत्साहन हेतु प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में महिला मंडल अध्यक्ष संगीता त्रिवेदी और बालिका मंडल अध्यक्ष उत्तरा उपाध्याय ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान समाज की एकजुटता और कुरीतियों को दूर करने जैसे विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। समाज के सर्वांगीण विकास हेतु उपस्थित समाजजनों से सुझाव लिए गए और उन पर अमल करने का निर्णय लिया गया। संचालन जीवन भट्ट ने किया। अंत में धर्मेंद्र द्विवेदी एवं वीरेंद्र भट्ट ने सभी उपस्थित स्वजातीय बंधुओं का आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन आगामी कार्यक्रमों की रणनीति के साथ हुआ।



