अयोध्या सा सजा नगर, सर्व हिंदू समाज के नेतृत्व में श्रीराम नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा,,भक्ति, शक्ति और संस्कृति के अनुपम संगम से राममय हुआ नगर,,प्रभु श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा रही आकर्षक का केंद्र..

#Jhabuahulchul
पेटलावद@ओपी मालवीय
अयोध्या सा सजा नगर, सर्व हिंदू समाज के नेतृत्व में श्रीराम नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा,,भक्ति, शक्ति और संस्कृति के अनुपम संगम से राममय हुआ नगर,,प्रभु श्रीराम की विशालकाय प्रतिमा रही आकर्षक का केंद्र..
पेटलावद। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के प्राकट्य उत्सव ‘रामनवमी’ के पावन उपलक्ष्य में नगर में भक्ति, शक्ति और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में आयोजित भव्य शोभायात्रा ने संपूर्ण पेटलावद नगर को राममय कर दिया।
महाआरती के साथ मंगल प्रारंभ
उत्सव का शुभारंभ स्थानीय ‘बड़ा रामजी मंदिर’ में भगवान की दिव्य महाआरती के साथ हुआ। मंदिर प्रांगण से जब प्रभु की सवारी निकली तो भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। शोभायात्रा के अग्रभाग में केसरिया धर्मध्वजा थामे अश्वारूढ़ श्रद्धालु चल रहे थे जो सनातन शौर्य का प्रतीक लग रहे थे।
झांकियां और अखाड़ों का आकर्षण
यात्रा में भगवान राम-लक्ष्मण की सजीव झांकी और प्रभु श्री राम की विशालकाय प्रतिमा भक्तों के आकर्षण का केंद्र रही। तीन अखाड़ों के युवाओं ने शस्त्र संचालन और कलाबाजी के माध्यम से अद्भुत शौर्य का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से कन्नू भाई पहलवान के हैरतअंगेज करतबों ने जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सामाजिक समरसता का उदाहरण
नगर भ्रमण के दौरान पग-पग पर पुष्प वर्षा और आरती के माध्यम से प्रभु का स्वागत किया गया। इस दौरान दादूजी महाराज संस्थान, कमला बुआ, सिर्वी समाज, वाल्मीकि समाज, ब्राह्मण समाज, मेवाड़ा लुहार समाज, बलाई समाज, गुर्जर समाज, महावीर समिति, राजपूत समाज, राठौड समाज और नया गुजराती लुहार समाज, संत रविदास मित्र मंडल सहित अनेक संगठनों ने पलक-पावड़े बिछाकर शोभायात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया।
मध्य रात्रि में महाआरती
विभिन्न मार्गों से होती हुई यह धर्मयात्रा मध्य रात्रि 12 बजे राम मोहल्ला स्थित प्राचीन राम मंदिर पहुंची जहा सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजन-अर्चन और महाआरती संपन्न हुई। आयोजन समिति की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली और नगरवासियों के सामूहिक सहयोग से यह आयोजन दिव्यता के साथ संपन्न हुआ।




