पेटलावद मे ओली जी पर्व के दौरान सिद्ध प्रभु की आराधना में जुटे श्रावक….

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। जैन धर्म के पवित्र शाश्वत ओली जी महापर्व के दूसरे दिन आज आराधकों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ ‘णमो सिद्धाणं’ पद की विशेष आराधना की। प्रथम दिन ‘णमो अरिहंताणं’ पद की आराधना के पश्चात आज सिद्ध प्रभु का स्मरण करते हुए तपस्वियों ने अपनी साधना को आगे बढ़ाया।
इस आध्यात्मिक आयोजन में समाज के हर वर्ग का उत्साह देखते ही बन रहा है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु अपनी शक्ति अनुसार आराधना और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आज की तपस्या में कुल 66 तपस्वियों ने भाग लिया, जिसमें साधना की अलग-अलग श्रेणियों का समावेश रहा। विशेष रूप से वर्ण के 8, बिना नमक के 4 और नमक वाले 54 आयंबिल तप के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी इंद्रियों पर विजय पाने का प्रयास किया।
आज के इस पावन आयोजन एवं प्रभावना के पुण्यशाली लाभार्थी पेटलावद का आर. आर. ग्रुप रहा, जिनके सहयोग से धर्म प्रभावना का मार्ग प्रशस्त हुआ। भक्तिमय वातावरण के बीच आराधना का यह क्रम निरंतर जारी है।




