साइबर फ्रॉड 2.0 अभियान: बामनिया पुलिस पहुंची शोरूम, 30 से अधिक लोगों को किया जागरूक…

बामनिया@जीतेंद्र बैरागी
बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने एवं आमजन को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “साइबर फ्रॉड 2.0” अभियान के तहत बामनिया पुलिस चौकी द्वारा क्षेत्र के एक शोरूम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 30 से अधिक कर्मचारियों एवं नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, ऑनलाइन लोन, केवाईसी अपडेट, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया हैकिंग एवं बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने की बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।
जागरूकता कार्यक्रम में बामनिया चौकी प्रभारी हीरालाल मालीवाड़, राकेश डामोर एवं अमर मालीवाड़ उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल किया जा सके।
बामनिया पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को लोगों ने सराहा और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।




