झाबुआ

हिंदू जागरण मंच का दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग कल्याणपुरा में संपन्न, संगठन विस्तार पर दिया गया जोर।

झाबुआ डेस्क। हिंदू जागरण मंच झाबुआ जिले का दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग 24 एवं 25 जून को कल्याणपुरा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभ्यास वर्ग में जिलेभर से कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर संगठन के उद्देश्यों, कार्यपद्धति एवं समाज जागरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के प्रांत संगठक मोहित सेंगर, प्रांत संयोजक भेरूलाल टाक, प्रांत आयाम टोली सदस्य कमलेश वर्मा तथा जिला संयोजक प्रकाश प्रजापत विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, राष्ट्र एवं समाज के प्रति दायित्व, सेवा कार्यों तथा संगठनात्मक मजबूती के विषय में विस्तार से जानकारी दी।

अभ्यास वर्ग के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज में जागरूकता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए संगठित होकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और नगर-नगर तक संगठन की गतिविधियों को पहुंचाने तथा युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने का आह्वान किया।

दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, सदस्यता अभियान तथा विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं जनसंपर्क के संबंध में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के विस्तार को गति देने के उद्देश्य से जिले की नवीन कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नवगठित कार्यकारिणी को संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। अभ्यास वर्ग के सफल आयोजन पर सभी कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगामी दिनों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!