धाकड़ कंप्यूटर एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की अनोखी पहल: 15 विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर वितरण…
#Jhabuahulchul
खवासा डेस्क। खवासा स्थित धाकड़ कंप्यूटर एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में रविवार को एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ADCA (Advanced Diploma in Computer Application) कोर्स के अंतर्गत अध्ययनरत 15 मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पत्रकार संघ के संरक्षक संजय भटेवरा, जिलाध्यक्ष राजे सोनी तथा विशिष्ट अतिथियों मुकेश चौहान, आनंदीलाल सिसौदिया, आयुष पाटीदार, संजय प्रजापत, किशन धाकड़ एवं संस्थान संचालक अशोक धाकड़ द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि “आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा अत्यंत आवश्यक है, और इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।”
संस्थान संचालक अशोक धाकड़ ने बताया कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी संस्था द्वारा ऐसे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर कंप्यूटर प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने संस्था के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।



