करवड़

परमिशन खत्म, फिर भी जारी बाल मेला: नियमों की खुलेआम अनदेखी…

#Jhabuahulchul 

करवड़@सूरज गामड़ 

पेटलावद विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम करवड़ में आयोजित बाल मेला प्रशासनिक अनुमति समाप्त होने के बावजूद लगातार संचालित किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार उक्त मेले को एसडीएम महोदय द्वारा दिनांक 20 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक आयोजन की अनुमति दी गई थी, लेकिन अनुमति समाप्त हुए लगभग दो दिन बीत जाने के बाद भी मेला आज दिनांक तक जारी है।

मेले में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, वहीं शौचालय सुविधा भी पूरी तरह नदारद है। बाहर से आए दुकानदारों को मजबूरन खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं को विशेष रूप से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मेले में सुरक्षा नियमों की भी खुलकर अनदेखी हो रही है। बड़े झूले संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन कहीं भी आग बुझाने के यंत्र नजर नहीं आ रहे, जबकि मेले में आग लगने की घटना भी सामने आ चुकी है। इससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

मेला ग्राउंड में दुकानदारों द्वारा चारों ओर गंदगी फैलाई गई है, जिससे वातावरण अस्वच्छ हो गया है। चिंताजनक बात यह है कि मेला स्थल के समीप एकीकृत कन्या हाई स्कूल संचालित है, और वर्तमान में बच्चों की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं। मेले के शोर-शराबे से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि अव्यवस्थाओं पर रोक लग सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!