कोदली में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का आयोजन, युवाओं को दिलाया स्वदेशी का संकल्प…

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। विकासखंड पेटलावद अंतर्गत ग्राम पंचायत कोदली में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के तहत ग्राम स्तरीय ग्रामोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
नवांकुर संस्था से दिनेश परमार ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश शासन का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य सभी गांवों को जोड़ना, गांवों की छवि सुधारना, छुपी प्रतिभाओं को सामने लाना तथा लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर गांवों को उन्नत बनाना है। उन्होंने कहा कि हमारा देश गांवों का देश है और गांवों के विकास से ही देश का विकास संभव है।
कार्यक्रम में मेंटर विनोद कुमार बाफना ने अपने उद्बोधन में नशा मुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, सामूहिक परिवार व्यवस्था के लाभ तथा गांव की चौपाल के माध्यम से लोगों को जोड़ने और जागरूक करने का संदेश दिया। उन्होंने जन अभियान परिषद की सोच और उद्देश्यों को विस्तार से बताया।
बताया गया कि 19 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक युवा सप्ताह एवं आनंद उत्सव जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें सभी ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष राजेश मैडा द्वारा सभी उपस्थितजनों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलवाया गया।
इस अवसर पर अतिथिगण, ग्राम पंचायत सचिव, पटवारी, जन अभियान परिषद के मेंटर्स, नवांकुर संस्था प्रभारी, प्रस्फुटन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




