दिनदहाड़े बैग चोरी के बाद पुलिस अलर्ट, सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश, पतंग दुकानों का औचक निरीक्षण, चाइनीज मांझा बेचने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी…!

#Jhabuahulchul
खवासा@आनंदीलाल सिसोदिया/आयुष पाटीदार
खवासा नगर में शुक्रवार को रतलाम के सोना व्यापारी के साथ हुई दिनदहाड़े बैग चोरी की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए थांदला एसडीओपी नीरज नामदेव एवं थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश द्वारा खवासा नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों को अपनी दुकानों के बाहर व अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इसी निरीक्षण अभियान के तहत खवासा नगर में पतंग व मांझा बेचने वाली दुकानों पर भी अचानक जांच की गई। पुलिस ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा किसी भी स्थिति में न बेचा जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार चाइनीज मांझा बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आमजन, वाहन चालकों और पक्षियों के लिए भी गंभीर खतरा बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया है।
निरीक्षण के दौरान थांदला एसडीओपी नीरज नामदेव, थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश सहित खवासा पुलिस टीम मौजूद रही।





