खवासा

खवासा नगर की यातायात व्यवस्था चरमराई, जहाँ मन आया, वहीं खड़े कर रहे वाहन, आखिर क्यों है पुलिस मेहरबान, नवागत चौकी प्रभारी पर टिकी निगाहे..?

#Jhabuahulchul 

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

नगर की यातायात व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से अव्यवस्थित होती जा रही है। स्थिति यह है कि जहाँ मन चाहे, वहाँ वाहन खड़े कर देने की प्रवृत्ति आम हो गई है, जिससे मुख्य मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है।

झाबुआ–रतलाम मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण मार्ग पहले से ही संकरा हो चुका है। इसके बावजूद दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालक बिना किसी नियम की परवाह किए सड़क किनारे नहीं, बल्कि कई बार बीच सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं।

वहीं रोड निर्माण कंपनी द्वारा कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है, जिसके कारण कई दिनों से सड़क पर धूल उड़ रही है। आम जन की चिंता है कि यदि यही स्थिति रही तो धूल के कारण लोग अस्थमा जैसे श्वसन रोगों का शिकार न हो जाएँ। दुकानदारों से लेकर राहगीरों तक सभी लगातार परेशान हैं।

सबसे ज्यादा अव्यवस्था बस स्टैंड क्षेत्र से लेकर रोग्या देवी मंदिर तक देखने को मिलती है। वाहनों की मनमानी पार्किंग के कारण यातायात अवरुद्ध हो जाता है और कई बार यात्रियों व स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। लगातार बढ़ती समस्या के बावजूद न तो चालानी कार्रवाई हो रही है और न ही पार्किंग व्यवस्था को सुधारने के कोई प्रयास दिखाई दे रहे हैं।

खवासा चौकी प्रभारी नरेश निनामा ने इस संबंध में बताया कि अभी रोड निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसके कारण परेशानियाँ आ रही होंगी। हम नगरवासियों के सहयोग से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने का प्रयास करेंगे जल्द ही स्थिति में सुधार लाया जाएगा।

अब नगरवासियों की निगाहें नवागत चौकी प्रभारी पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर समस्या पर क्या कार्रवाई करते हैं और कब तक खवासा नगर को अव्यवस्थित यातायात से राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!