दर्दनाक हादसा,,,खेत में कृषि कार्य की तैयारी कर रहे किसान पर गिरी आकाशीय बिजली, इलाज के दौरान मौत,,,दो बैलों की भी गई जान…!

थांदला@आयुष पाटीदार
थांदला के समीप ग्राम कलदेला में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में कृषि कार्य कर रहे एक किसान एवं उसके साथ मौजूद दो बैलों की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे कलजी पिता मडिया मईडा (58 वर्ष), निवासी ग्राम कलदेला, बारिश से पहले अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से किसान कलजी मईडा और उनके दो बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।
धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल किसान को अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थांदला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 



