मुख्य चौराहे पर बड़ी चोरी, पुलिस गश्त के बीच किराना दुकान बनी निशाना…

बामनिया@जितेंद्र बैरागी
नगर के मुख्य चौराहे पर स्थित एक प्रतिष्ठित किराना दुकान में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर तीसरी मंजिल के दरवाजे से दुकान में दाखिल हुए और बड़ी मात्रा में केसर, बादाम, सनफ्लावर तेल की केन, सिगरेट, गुटखा पाउच सहित अन्य महंगा सामान बोरी और कट्टों में भरकर ले गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना नगर के जाने-माने किराना व्यापारी रामेश्वर गर्ग की दुकान पर हुई। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर पूरी रात पुलिस का गश्ती प्वाइंट रहता है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक चोर दुकान का DVR भी काटकर ऊपर तक ले गए, लेकिन बाद में उसे वहीं फेंक दिया। घटनास्थल पर सिगरेट पीने के भी प्रमाण मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी देर तक दुकान के भीतर मौजूद रहे।
मुख्य बाजार के बीच हुई इस दुस्साहसिक चोरी से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




