कलेक्टर के निर्देश पर शासकीय स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण, कई जगह शिक्षक अनुपस्थित मिले…

पेटलावद डेस्क। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता एवं विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खंड स्त्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने संकुल केंद्र बरवेट अंतर्गत विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई विद्यालय खुले तो मिले, लेकिन निर्धारित समय पर शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। वहीं कुछ विद्यालय शाला समय में ही बंद मिले, जिस पर नाराजगी व्यक्त की गई। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय भवन एवं शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा अभिलेख संधारण का भी बारीकी से अवलोकन किया गया।
प्राथमिक विद्यालय जुलवानिया में विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, जिसकी सराहना की गई।
खंड स्त्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों से संस्था प्रमुखों को अवगत कराते हुए लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार के निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान माध्यमिक विद्यालय बरवेट में खंड स्त्रोत समन्वयक एवं जन शिक्षकों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया तथा भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया। निरीक्षण के समय जन शिक्षक अमृतलाल पाटीदार एवं रामेश्वर पाटीदार उपस्थित रहे।




