झाबुआ

वहां कलेक्टर साहब,,,जहां जरूरत दिखी, वहीं निभाया फर्ज,,,कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने ओपीडी में मरीजों को देख खुद शुरू कर दिया इलाज….

#Jhabuahulchul 

झाबुआ@आयुष पाटीदार 

प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने हर किसी को चौंका दिया। जिले के कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल के निरीक्षण पर पहुंचे तो वहां चिकित्सक की अनुपस्थिति में मरीज उपचार के लिए इंतजार कर रहे थे। मरीजों की परेशानी देखते ही कलेक्टर ने केवल निरीक्षण तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने चिकित्सकीय ज्ञान और अनुभव का उपयोग करते हुए स्वयं ओपीडी की कमान संभाल ली।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच कर उनके स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और नियमित जांच से जुड़ी जानकारी ली। अचानक कलेक्टर को डॉक्टर की भूमिका में देखकर मरीज भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इसे प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण का अनूठा उदाहरण बताया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सक की ड्यूटी जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कार्य के लिए लगी हुई थी, जिसके कारण मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा था। ऐसे में उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर मरीजों का परीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति को करीब से समझा।

गर्भवती महिलाओं की जांच पर विशेष फोकस

डॉ. भरसट ने गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की जानकारी ली और ऑनलाइन रिकॉर्ड की समीक्षा भी की। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीयन, जांच और फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की समय रहते पहचान कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल कागजों में नहीं बल्कि ऑनलाइन रिकॉर्ड भी पूरी तरह अपडेट रहें, जिससे शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंच सके।

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जल्द शुरू होगा नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

पिटोल में बन रहे नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नया स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से पिटोल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

पिटोल स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने यह संदेश दिया कि प्रशासनिक पद केवल आदेश देने के लिए नहीं होते, बल्कि जरूरत पड़ने पर जनता के बीच उतरकर जिम्मेदारी निभाने के लिए भी होते हैं। मरीजों की जांच करते कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और लोगों ने इसे संवेदनशील प्रशासन का जीवंत उदाहरण बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!