रायपुरिया के छापरापाड़ा- काजबी मार्ग पर माही नहर पुल के पास धंसी सड़क, बड़े हादसे को न्योता…

रायपुरिया@राजेश राठौड़
क्षेत्र के छापरापाड़ा- काजबी मार्ग पर माही नहर के पुल के पास सड़क धीरे-धीरे धंस रही है, जिससे सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बनता जा रहा है। यह स्थान अब वाहन चालकों के लिए जोखिम भरा हो गया है और कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
सैकड़ों ग्रामीणों के लिए प्रमुख मार्ग
यह सड़क मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली मुख्य कड़ी है। सिंगदेवी माताजी, पांचपिपला, बैकल्दा सहित आसपास के कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण और विद्यार्थी रोज इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रात के अंधेरे में पुल के पास बना यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान जानलेवा साबित हो सकता है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार अधिकारी?
सड़क की खराब स्थिति को लेकर जब पीएमजीएसवाय (PMGSY) के अधिकारी विजय मंडलाई से बात की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिया का निर्माण माही परियोजना विभाग द्वारा करवाया गया था।
मंडलाई ने आश्वासन देते हुए कहा,”मैं इस संबंध में माही परियोजना के अधिकारियों से बात करता हूं। यदि वे इसे तुरंत दुरुस्त नहीं करते हैं, तो पीएमजीएसवाय विभाग स्वयं ही सड़क की मरम्मत करवाएगा ताकि ग्रामीणों को आवागमन में कोई परेशानी या खतरा न हो।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गड्ढे को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।




