नर्मदा लाइन के पाइप किसानों की खेती में बन रहे बाधा…

बामनिया@जितेंद्र बैरागी
जून माह का आधा समय बीत चुका है और किसान आगामी खरीफ फसल की तैयारी में जुट गए हैं। खेतों की जुताई और बुवाई की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं, लेकिन ग्राम चापानेर के किसानों को नर्मदा पाइपलाइन कार्य के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, नर्मदा लाइन के लिए लाए गए पाइप खेतों के अंदर अव्यवस्थित तरीके से रखे हुए हैं। इन पाइपों के कारण किसानों को ट्रैक्टर से जुताई करने में दिक्कत हो रही है और खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि गुड्डू मुनिया ने संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदारों से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। हालांकि किसानों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें केवल “आज-कल में हटवा देंगे” का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बारिश का मौसम नजदीक है और किसान समय पर बुवाई करना चाहते हैं। ऐसे में यदि पाइपों को जल्द नहीं हटाया गया तो किसानों की खेती प्रभावित हो सकती है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पाइप हटवाकर खेती का मार्ग प्रशस्त करने की मांग की है।




