खवासा

क्रिकेट का रोमांच और पर्यावरण का संदेश: आरसीबी ने जीता खिताब, थांदला रोड पर लगेंगे 194 पौधे…

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया 

NHPS क्रिकेट एकेडमी द्वारा स्वर्गीय संजय व्यास की स्मृति में आयोजित अंडर-14 एवं अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया, जिसमें आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
टूर्नामेंट की विशेष बात यह रही कि इसे केवल खेल तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी टीमों ने संकल्प लिया था कि टूर्नामेंट में फेंकी जाने वाली प्रत्येक डॉट बॉल (शून्य रन) के बदले एक पौधा लगाया जाएगा। पूरे टूर्नामेंट में कुल 194 डॉट बॉल दर्ज की गईं, जिसके अनुसार थांदला रोड खवासा के दोनों किनारों पर 194 छायादार पौधे लगाए जाएंगे तथा उनकी दो वर्षों तक नियमित देखभाल की जाएगी।

टूर्नामेंट की शुरुआत आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों के ऑक्शन से हुई थी, जिसके माध्यम से कुल 8 टीमों का गठन किया गया। टीमों को दो ग्रुप ए एवं बी में विभाजित कर लीग मुकाबले आयोजित किए गए। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मैचों के माध्यम से विजेता टीम का चयन किया गया।

विजेता टीम को ₹5101 एवं उपविजेता टीम को ₹3100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी को ₹101 का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

फाइनल मुकाबले का शुभारंभ युवा सामाजिक कार्यकर्ता कुणाल पाटीदार, वरिष्ठ खिलाड़ी विनोद बापू, अर्पित चोपड़ा, बामनिया के व्यवसायी राहुल पटवा, समस्त अभिभावकों तथा न्यू हाइट्स पब्लिक स्कूल एवं न्यू बचपन प्राइमरी स्कूल बामनिया के स्टाफ की उपस्थिति में किया गया।

आयोजकों ने बताया कि खेल के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह अनूठा प्रयास युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खिलाड़ियों ने मैदान में रन बनाने के साथ-साथ पर्यावरण को हराभरा बनाने का भी संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!