नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिशा-निर्देश हेतु बैठक आयोजित…

#Jhabuahulchul
मेघनगर@मुकेश सोलंकी
मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिशा निर्देश जारी किए है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, नया सत्र 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा। इस हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवन्धती प्रधान की अध्यक्षता में मेघनगर अनुभाग के प्राचार्य, जनशिक्षक एवं छात्रावास आश्रम अधीक्षकों की बैठक का आयोजन किया गया। एसडीएम ने निर्देशित किया कि समस्त हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शिक्षक प्रतिदिन समय पूर्व शाला में उपस्थित होवे । प्रथम दिन प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाए , जिसमें स्थानीय जन प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश देने की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को, जिनका परिणाम आना अभी शेष होगा, उन्हें भी अस्थाई रूप से अगली कक्षा में प्रवेश देकर शिक्षण कार्य शुरू कराया जाए। नामांकन की शत-प्रतिशत कार्यवाही मार्च माह में ही पूर्ण कर लीं जाये।
छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षक अपने कैचमेंट क्षेत्र के अभिभावकों से सतत संपर्क करेंगे। विशेष रूप से उन विद्यार्थियों पर ध्यान दिया जाएगा जो स्कूल छोड़ चुके हैं, ताकि उन्हें पुनः मुख्यधारा से जोड़कर शाला में प्रवेश दिलाया जा सके।
नए सत्र की शुरुआत के साथ ही 02 अप्रैल 2026 को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। समिति के सदस्यों के साथ छात्रों के नामांकन, उपस्थिति, उपलब्धि स्तर और पूरे वर्ष की शैक्षणिक कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की जाए । अप्रैल माह के दौरान कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को विषयों की मूल अवधारणाओं का अभ्यास कराया जाएगा। इसमें हिंदी में शुद्ध लेखन, अंग्रेजी व्याकरण और गणित की बुनियादी क्रियाओं (जैसे भिन्न, ज्यामिति और भाग) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश के लिए स्थानीय और कौशल विकास से संबंधित व्यक्तिगत व सामूहिक प्रोजेक्ट कार्य भी दिए जाएंगे। शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए शिक्षकों को नियुक्त किया जाए, जो विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। कक्षा शिक्षक अभिभावकों के व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं, जिसके माध्यम से प्रतिदिन अनुपस्थित छात्रों की जानकारी साझा की जाए।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रत्येक शनिवार को बालसभा का आयोजन किया जाए। साथ ही सीएम राइज और उत्कृष्ट विद्यालयों में सार्वभौमिक मानवीय मूल्य (UHV) की गतिविधियां संचालित की जाएं। विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, मध्य प्रदेश गान, समाचार वाचन और महापुरुषों की जयंती जैसे कार्यक्रमों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जावे ।
बैठक में कक्षा 5 वी, 8 वी, 9वी, 11वी के परीक्षा परिणामो की समीक्षा भी की गई । अनुत्तीर्ण विद्यार्थीयो हेतु द्वितीय अवसर परीक्षा हेतु विशेष कोचिंग संचालित की जाए ।
अपार आईडी, ओटीआर, प्रोफाइल पंजीयन, समग्र सुधार, आधार सुधार करने के निर्देश भी दिए गए। छात्रावास आश्रमो के अधीक्षकों को मुख्यालय पर निवास करने, पालक समिति की नियमित बैठक करने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाने, पालकों से छात्रावास आश्रमो का निरीक्षण करवाने, शिकायत पेटी रखने, भोजन गुणवत्तापूर्ण रखने, विद्यार्थीयो की शिकायत का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गये
उक्त अवसर पर दिपेश कुमार सोलंकी बीईओ मेघनगर, महेश सोलंकी बीआरसी मेघनगर, प्राचार्य, जनशिक्षक, अधीक्षक उपस्थित रहे ।




