मां के भक्त ज्योत लेने पावागढ़ के लिए पैदल रवाना,, नगरवासियों ने किया स्वागत…

Jhabuahulchul
सारंगी@संजय उपाध्याय
चैत्र नवरात्रि को लेकर नगर में धार्मिक माहौल बनने लगा है। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गुरुवार को नगर के करीब 30 श्रद्धालु मां के भक्त गुजरात के पावागढ़ से अखंड ज्योत लेने के लिए पैदल यात्रा पर रवाना हुए।
रवाना होने से पहले सभी भक्तों ने अंबे माता मंदिर एवं बस स्टैंड माताजी मंदिर में दर्शन कर माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद नगरवासियों ने पुष्प वर्षा और स्वागत कर सभी श्रद्धालुओं को शुभ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए विदाई दी।
बताया गया कि यह पैदल यात्रा पिछले 17 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। मां के भक्त पावागढ़ पहुंचकर मंदिर में जल रही अखंड ज्योत से ज्योत लेकर पैदल ही वापस सारंगी आएंगे। श्रद्धालु 19 मार्च को एकम के दिन ज्योत लेकर सारंगी पहुंचेंगे।
नगर पहुंचने पर अखंड ज्योत और सभी पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस बस स्टैंड माताजी मंदिर से गायत्री माता मंदिर तक निकाला जाएगा। वहां विधि-विधान से पूजन कर अखंड ज्योत की स्थापना की जाएगी।
नवरात्रि के नौ दिनों तक श्रद्धालु मां दुर्गा की भक्ति और आराधना में लीन रहेंगे तथा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।





