रायपुरिया में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 5 वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक….

रायपुरिया@राजेश राठौड़
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुरिया में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ ग्राम पंचायत सरपंच होमीबाई नंदलाल निनामा द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. प्रताप भूरिया ने बताया कि अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दवा पिलाई जाएगी। इसके लिए रायपुरिया में चार पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें पुराना बस स्टैंड, ग्राम पंचायत भवन, तालाबपाड़ा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
डॉ. भूरिया ने बताया कि प्रत्येक बूथ पर नर्सिंग स्टाफ आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं और पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।
उन्होंने कहा कि “हर बच्चे तक पोलियो की दो बूंद पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही पोलियो मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।” अभियान के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



