
#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार
ग्राम खवासा स्थित प्राचीन राम मंदिर में चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। नवरात्रि के पहले दिन से ही प्रतिदिन देर रात तक गरबा रास का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। माता की भक्ति में मग्न भक्तों की भीड़ हर रात मंदिर परिसर में गरबों की मनमोहक धुनों पर झूमती नजर आ रही है।
यह आयोजन प्रतिदिन शाम 7 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चलता है। मंदिर परिसर को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया है, जो भक्तों का मन मोह रहा है। गरबा आयोजन में विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा एक से बढ़कर एक गरबा गीतों की प्रस्तुति दी जा रही है, जिससे माहौल भक्तिमय बन जाता है।
वैदिक हवन यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान:
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन अलसुबह से दिनभर पांच जोड़ों द्वारा वेद मंत्रों के साथ हवन अनुष्ठान कराया जा रहा है। यह यज्ञ पं. श्री योगेन्द्र पौराणिक और अन्य विद्वान ज्योतिर्विदों के निर्देशन में वैदिक विधियों से संपन्न हो रहा है। रविवार को इस हवन का समापन पूर्णाहुति के साथ किया जाएगा।
गंगाजल कलश यात्रा व राम जन्मोत्सव का आयोजन:
नवरात्रि के अंतिम दिन, परंपरा अनुसार, गंगाजल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के बाद दोपहर 12 बजे राम मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके पश्चात यज्ञ की पूर्णाहुति और महाआरती की जाएगी।
आयोजन समिति के सदस्यों ने नगरवासियों और श्रद्धालुजनों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाएं और धर्म-भक्ति के इस पर्व में सहभागी बनें।