राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान हेतु झाबुआ जिले में सभी तैयारियाँ पूर्ण, जन-जागरूकता रैली निकालकर किया गया जन-आह्वान….

झाबुआ डेस्क। राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 28 से 30 जून 2026 तक जिले में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2,13,504 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कुल 1,185 टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 424 बूथ टीमें, 610 घर-घर भ्रमण (हाउस-टू-हाउस) टीमें, 44 ट्रांजिट टीमें तथा 07 मोबाइल टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अभियान की सतत निगरानी हेतु मॉनिटरिंग एवं सुपरवाइजरी टीमों का भी गठन किया गया है।
सभी टीमों को पल्स पोलियो अभियान के प्रभावी संचालन हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में लक्ष्य के अनुरूप वैक्सीन, आईस पैक, वैक्सीन कैरियर सहित आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री का वितरण पूर्ण कर लिया गया है।
अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से आज 27 जून 2026 को जिला मुख्यालय झाबुआ में विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली राजवाड़ा चौक से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग एवं बस स्टैंड होते हुए जिला चिकित्सालय झाबुआ में सम्पन्न हुई।
रैली में डीएचओ-1 डॉ. एन.के. पढ़ान, डीएचओ-2 डॉ. देवेन्द्र भायल, डीएचओ-3 डॉ. हेमन्त देवड़ा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, मीडिया प्रभारी प्रेम कुमार डेनियल, जिला टीकाकरण दल, नर्सिंग छात्र-छात्राएँ तथा आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले के सभी पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाने का कार्य करेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अभियान के प्रथम दिवस नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएँ। यदि किसी कारणवश बूथ पर नहीं पहुँच पाते हैं तो घर-घर आने वाली स्वास्थ्य टीम को अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने में सहयोग करें। आपका सहयोग ही भारत को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।




