जल है तो कल है…बावड़ी उत्सव में गूंजा जल संरक्षण का संकल्प, धरोहर बचाने आगे आए ग्रामीण….

खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड थांदला के अंतर्गत संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मंगलवार को नवांकुर संस्था महावीर समग्र ग्राम विकास समिति खवासा के संयुक्त तत्वावधान में बावड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। बाजना मार्ग स्थित महादेव मंदिर के समीप स्थित प्राचीन बावड़ी पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सफाई अभियान चलाकर, पूजा-अर्चना कर एवं पौधरोपण करते हुए जल संरक्षण और पूर्वजों की धरोहरों को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड समन्वयक वर्षा डोडीयार ने जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित जनों को जल स्रोतों के रखरखाव एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पानी को बनाया नहीं जा सकता, केवल बचाया जा सकता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
इस अवसर पर महादेव मंदिर के पुजारी द्वारा प्राचीन बावड़ी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर फूलमाला अर्पित की गई। साथ ही मंदिर परिसर एवं बावड़ी क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था अध्यक्ष कमजी भाई कटारा, रमेश सिंगाड़िया, मोहन डिंडोर, मनीष पाटीदार, मांगू सिंगाड़, रायचंद सिंगाड़, गुलाब सिंह, मथु पाटीदार सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्राचीन जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।





