गणपति बप्पा को भावभीनी विदाई, विसर्जन यात्रा में उमड़ा जनसैलाब…!

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
दस दिनों तक श्रद्धा, भक्ति, उत्साह और उमंग के साथ पूजे गए गणपति बप्पा को आज आनंद चौदस के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई। सुबह से ही गांव में गणपति विसर्जन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। पुराने बस स्टैंड से लेकर विभिन्न पंडालों में गणपति की मूर्तियों को भक्ति भाव से सजाया गया और भक्तों ने बप्पा से अगले बरस जल्दी आने की विनती करते हुए विदाई दी।
जहां पिछले दस दिनों तक पंडालों में रोजाना सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालु आरती व विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे, वहीं आज विसर्जन के समय वातावरण भावुक दिखाई दिया। बच्चे और बुजुर्ग सभी की आंखों में आंसू झलक रहे थे। प्रतिदिन प्रसादी वितरण करने वाले पंडाल आज सुने-सुने दिखाई दिए।
विसर्जन यात्रा में डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते पम्पावती नदी तक पहुंचे, जहां पूरे गांव की मूर्तियों का एक साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की। बिजली व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पुलिस दल लगातार मुस्तैद रहा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गांव का माहौल एक ओर जहां उत्साह से सराबोर रहा, वहीं बप्पा की विदाई ने हर किसी को भावुक भी कर दिया। भक्तों ने मिलकर संकल्प लिया कि अगले वर्ष और अधिक श्रद्धा व भक्ति के साथ बप्पा की स्थापना करेंगे।





