झाबुआ

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान–2026 : झाबुआ जिले ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए 102.8% कवरेज प्राप्त कर रचा नया कीर्तिमान….

झाबुआ डेस्क। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 28 से 30 जून 2026 तक संचालित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (NID–2026) में झाबुआ जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित 2,13,504 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध 2,19,550 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर 102.8 प्रतिशत कवरेज प्राप्त किया। यह उपलब्धि जिले के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी है।

अभियान के प्रथम दिवस बूथ स्तर पर 1,05,431 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई। इसके पश्चात दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर शेष बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई गई, जिससे जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि अर्जित की।

अभियान के दौरान एक बच्चे की पोलियो की दवा पिलाने के कुछ समय बाद मृत्यु होने की दुखद घटना सामने आई, जिसके संबंध में सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भ्रामक एवं नकारात्मक संदेश प्रसारित हुए। इससे कुछ क्षेत्रों में अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई तथा घर-घर अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीमों को

कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

किन्तु शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तत्काल सभी आवश्यक कार्यवाही की गई। बच्चे का पोस्टमार्टम एवं आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई गई, जिसमें स्पष्ट रूप से यह तथ्य सामने आया कि मृत्यु का कारण पोलियो की दवा नहीं था, बल्कि बच्चे के श्वसन मार्ग में दूध/तरल पदार्थ चले जाने (Aspiration) के कारण मृत्यु होना पाया गया। इस प्रकार पोलियो वैक्सीन से मृत्यु होने की आशंका पूर्णतः निराधार सिद्ध हुई।

इन सभी चुनौतियों के बावजूद झाबुआ जिले की स्वास्थ्य टीम ने समर्पण, धैर्य एवं सतत जनजागरूकता के माध्यम से प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की तथा अभियान को पूर्ण सफलता दिलाई।

यह सफलता जिले के माननीय कलेक्टर महोदय के कुशल निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, झाबुआ के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई। अभियान को सफल बनाने में जिला टीकाकरण अधिकारी, समस्त ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर, एएनएम, आशा, आशा सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएँ, महिला एवं बाल विकास विभाग, नर्सिंग छात्र-छात्राएँ, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, झाबुआ एवं जिला टीकाकरण अधिकारी, झाबुआ ने अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी विभागों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के अथक परिश्रम, समर्पण एवं टीम भावना के कारण झाबुआ जिला 102.8 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने में सफल रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जनस्वास्थ्य से जुड़े प्रत्येक अभियान में इसी प्रकार की प्रतिबद्धता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नई सफलताएँ प्राप्त होंगी।

 जिला मिडिया अधिकारी स्वास्थ्य विभाग, जिला झाबुआ ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!