त्योहारिया हाट बाजार में उमड़ा जनसैलाब — सेला फुदा, सजावटी सामग्री की हुई जोरदार बिक्री।


रायपुरिया@राजेश राठौड़
दीपावली पर्व के एक दिन पूर्व लगने वाले पारंपरिक त्योहारिया हाट बाजार में इस बार भीड़ का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही चारों ओर से ग्रामीणों का सैलाब बाजार में उमड़ पड़ा। बाजार में पशुओं को सजाने के लिए सेला, फुदा, रंगीन सजावटी सामग्री और दीपावली से जुड़ी वस्तुओं की जमकर खरीददारी की गई। हाट बाजार के चारों मार्गों पर खरीदारों की इतनी भीड़ रही कि मानो पूरा क्षेत्र एक उत्सव स्थल बन गया हो। आसपास के गांवों से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, टेम्पो, जीप, पिकअप जैसे वाहनों से बड़ी संख्या में पहुंचे। व्यापारियों के चेहरे भीड़ और बिक्री देखकर खिले नजर आए।
बाजार में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की थी। मुख्य चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहे, वहीं मोबाइल पुलिस वाहन लगातार पेट्रोलिंग करते रहे ताकि यातायात सुचारू रहे और खरीदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि सेला-फुदा और पशु सजावटी सामग्री बेचने वाले कई बाहर के व्यापारी भी रायपुरिया पहुंचे, जो तड़के तीन बजे ही अपनी जगह घेरने पहुंच गए थे। दीपावली पूर्व इस पारंपरिक हाट में ग्रामीण उत्साह और रौनक देखने लायक रही।





