तपस्विनी दीप्ति छाजेड़ व मास्टर मनन का जयघोष के साथ भव्य वरघोड़ा,,,नगर की संस्थाओं ने किया बहुमान..!

#Jhabuahulchul
मेघनगर@मुकेश सोलंकी
नगर में सिद्धि तप की तपस्विनी दीप्ति छाजेड़ एवं धर्मचक्र तपस्वी मास्टर मनन छाजेड़ का भव्य वरघोड़ा रविवार सुबह बड़े उत्साह के साथ निकाला गया। प्रातः 8:30 बजे वरघोड़ा निवास स्थान से प्रारंभ होकर दशहरा मैदान, भंडारी चौराहा होते हुए श्री शांति सुमतिनाथ जैन मंदिर पहुंचा। यहां भगवान की आरती व मंगल दीप का लाभ पदमा अशोक छाजेड़ परिवार ने लिया।
जैन मंदिर परिसर में थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरसिंह भूरिया, पूर्व जनपद अध्यक्ष कालू सिंह नलवाया, दाऊजी बोहरा समाज अध्यक्ष मु. अली असगर बोहरा एवं विधायक प्रतिनिधि अनूप भंडारी ने तपस्विनी का स्वागत किया।
इसके बाद वरघोड़ा आजाद चौक होते हुए श्री गोडीजी पारसनाथ मंदिर पहुंचा, जहां भगवान की आरती, मंगल दीप एवं गुरुदेव की आरती का लाभ तपस्विनी दीप्ति रवि छाजेड़ परिवार ने लिया। स्टेशन रोड से होते हुए वरघोड़ा श्री राजेंद्र सूरी ज्ञान मंदिर पहुंचा। यहां गुरुदेव व पुण्य सम्राट की आरती का लाभ मनन रवि छाजेड़ परिवार ने लिया।
ज्ञान मंदिर परिसर में दोनों तपस्वियों का त्रिस्तुति संघ अध्यक्ष शांतिलाल लोढ़ा, दिलीप कोठारी, ज्ञान मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मनोहर लाल चौरडिया, रजत कावड़िया, देवेंद्र जैन, महिला परिषद वरिष्ठ सदस्य विमला कोठारी, अनीता लुणावत, अर्चना कावड़िया, वर्षा जैन आदि ने बहुमान किया।
वरघोड़ा एमआरडी चौराहा होते हुए अनु स्वाध्याय भवन पहुंचा, जहां धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए महासती मुक्ति प्रभा महाराज साहब ने कहा कि तपस्या देह की ममता त्यागने, कषायों को जीतने और कर्मों का क्षय करने का श्रेष्ठ साधन है। कर्म क्षय होने से आत्मा शुद्ध होती है।
धर्मसभा में स्थानकवासी जैन समाज उपाध्यक्ष विनोद बाफना एवं चंचल जैन ने भी तप के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन विपुल धोखा ने किया। तपस्वियों का बहुमान स्थानकवासी महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्य मंजुला बाफना, शेलजा वागरेचा, सपना वागरेचा आदि ने किया।
सुबह की नवकारसी व स्वामी वात्सल्य का लाभ छाजेड़ परिवार ने लिया।