पेटलावद

संघ शताब्दी वर्ष पर ग्राम बेकल्दा में भव्य हिंदू सम्मेलन व सामाजिक सामूहिक भोज…

#Jhabuahulchul 

पेटलावद डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर बेकल्दा मंडल के ग्राम बेकल्दा में भव्य हिंदू सम्मेलन एवं सामाजिक सामूहिक भोज का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में हिंदू समाज के महिला-पुरुषों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11 बजे ग्राम के प्रमुख मार्गों से निकाली गई भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा में भगवा ध्वज, भारत माता के चित्र एवं धार्मिक नारों के साथ समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयकारों से संपूर्ण ग्राम सनातन और भक्ति भाव से गूंज उठा। शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में जागरण, एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश देना रहा।

शोभायात्रा के उपरांत शासकीय विद्यालय प्रांगण में हिंदू सम्मेलन एवं धर्मसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर जितेंद्रानंद जी महाराज द्वारा मां भारती एवं सरस्वती माता के पूजन-अर्चन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर जितेंद्रानंद जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज का संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जाति-पात से ऊपर उठकर एक सूत्र में बंधने, प्रेम, स्नेह और भाईचारे के साथ रहने का आह्वान किया तथा सनातन संस्कृति की रक्षा और सामाजिक समरसता पर विशेष बल दिया।

सभा को श्री राम मंदिर गुलरीपाड़ा के रुमाल डांगी ने भी संबोधित किया। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन और हिंदू समाज की एकता पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं संघ जिला सहकार्यवाह संतोष निनामा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में संघ के योगदान को विस्तार से बताया।

धर्मसभा के पश्चात सामाजिक सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के लोगों ने एक साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया। यह भोज सामाजिक समरसता और समानता का सशक्त प्रतीक रहा।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रामवासियों, संघ कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज के पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!