पेटलावद

सांदीपनि विद्यालय में स्थानीय परीक्षाएं प्रारंभ, बीआरसी ने किया निरीक्षण; पांचवी-आठवीं बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन भी शुरू…

#Jhabuahulchul 

पेटलावद डेस्क। क्षेत्र के विद्यालयों में 9 मार्च 2026 से कक्षा 3री, 4थी, 6टी और 7वीं की स्थानीय परीक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालय पेटलावद में परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण खंड स्रोत समन्वयक (BRC) श्रीमती रेखा गिरि स्वामी द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं, प्रश्नपत्र वितरण तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के समय विद्यालय के प्राचार्य श्री पूरालाल चौहान सहित शिक्षक श्री राजेश पाटीदार, श्री लालसिंह अमलावर, प्रधान पाठक श्री कोक सिंह बामनिया, श्री नरेंद्र कुमार मौनत, जन शिक्षक कालू सिंह सोलंकी एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बीआरसी द्वारा परीक्षा कार्य को अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए गए।

इधर कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य भी प्रारंभ हो गया है। यह कार्य शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल पेटलावद में किया जा रहा है, जिसका अवलोकन भी बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि स्वामी द्वारा किया गया। पेटलावद ब्लॉक में मूल्यांकन के लिए दूसरे ब्लॉक से प्राप्त अमूल्यांकित कॉपियों की जांच शिक्षकों द्वारा की जा रही है।

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए बीआरसी मेम द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मूल्यांकन केंद्र प्रभारी श्री योगेंद्र प्रसाद एवं सहायक मूल्यांकन प्रभारी निर्मला कौशिक के नेतृत्व में यह कार्य प्रारंभ हुआ है। इसके अलावा संदीप राठौर, ऋषिराज चंद्रावत, वसीम खान, इंद्र प्रताप सिंह, लालसिंह अमलावर, राजेश पाटीदार सहित समस्त जन शिक्षकों के मार्गदर्शन में शिक्षक कॉपियों के मूल्यांकन में जुटे हुए हैं।

मूल्यांकन के बाद प्राप्त अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि के लिए गणपत राठौड़, शैलेंद्र भाटी और वैभव राठौर को प्रभारी बनाया गया है। वहीं स्थानीय परीक्षाओं का परिणाम भी मार्च माह में ही घोषित किया जाना है। इसके लिए विभाग द्वारा कार्ययोजना तैयार कर ली गई है ताकि 30 मार्च तक परिणाम घोषित किए जा सकें। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय पर परीक्षा परिणाम उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!