रायपुरिया में संघ शताब्दी वर्ष पर विजयादशमी पर्व पर निकला भव्य पथ संचलन।


रायपुरिया@राजेश राठौड़
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयादशमी पर्व पर स्थानीय खेल ग्राउंड मैदान से भव्य पथ संचलन निकाला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल मैदान पर हुए एकत्रीकरण से हुआ, जहां मंचासीन जिला प्रचारक रजतसिंह चौहान, खंड संचालक भारत सिंह सिसोदिया एवं समाजसेवी रामजी भारती उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला प्रचारक रजतसिंह चौहान ने अपने बौद्धिक उद्बोधन में कहा कि संघ का यह शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए गौरव का विषय है। 1925 से संघ के स्वयंसेवक निरंतर राष्ट्र सेवा और समाज उत्थान में जुटे हैं। चाहे देश में प्राकृतिक आपदा हो, सामाजिक संकट हो या कोई चुनौतीपूर्ण परिस्थिति, संघ के कार्यकर्ता सदैव आगे बढ़कर सेवा कार्य में जुटते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लंबी तपस्या और त्याग का ही परिणाम है कि आज हम गर्व से स्वयं को हिंदू कह पाते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने इतिहास का उदाहरण देते हुए कहा कि मात्र 17 वर्ष की आयु में राजा गोगा देव ने मुगलों से लूटे गए सोना-चांदी को वापस दिलवाकर देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की थी।
पथ संचलन नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए राजगढ़ रोड, नई कॉलोनी, पेटलावद रोड और राम मंदिर प्रांगण से वापस खेल मैदान पर आकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान जगह-जगह पर समाजजनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने करतब, ध्वनि और अनुशासित कदमताल से नगरवासियों का मन मोह लिया।





