रायपुरिया

रायपुरिया में “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के साथ धूमधाम से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ….

रायपुरिया@राजेश राठौड़

ग्रामीण क्षेत्र के शासकीय बालक माध्यमिक विद्यालय रायपुरिया में शनिवार को नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के साथ बड़े उत्साह के बीच हुआ। माँ सरस्वती के पूजन-अर्चन से प्रारंभ हुए इस आयोजन ने न केवल नवप्रवेशी छात्रों को प्रेरित किया, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा का संचार कर दिया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरव जैन मुख्य अतिथि के रूप में विराजमान रहे। उनके साथ खण्ड स्त्रोत समन्वयक रेखा गिरि स्वामी तथा प्राचार्य कल्पना वर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। विद्यालय परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी छात्रों का तिलक लगाकर, कलावा बांधकर तथा मिठाई बांटकर आत्मीय स्वागत किया, जो दृश्य देखने लायक था।
प्रधान अध्यापक एल.सी. पाटीदार, राजेंद्र कुमार पाटीदार, सहायक संकुल प्रभारी खुशाल सिंह चौहान, सीएसी गणपत लाल निनामा, पंचायत सचिव तोल सिंह निनामा तथा सक्षम संस्था से संजय राठौर सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन की आदत तथा भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर जीवन में सफलता हासिल करने पर मार्गदर्शन दिया गया।

मुख्य अतिथि गौरव जैन ने कहा, “अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है। बच्चे आज का प्रयास कल की सफलता का आधार बनेगा।” प्राचार्य कल्पना वर्मा ने भी छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “नया सत्र नई शुरुआत है, इसे अवसर के रूप में लें।”

कार्यक्रम का समापन मुख्य अतिथि गौरव जैन, बीआरसी प्रतिनिधि एवं प्राचार्य द्वारा मेधावी तथा नवप्रवेशी छात्रों को कॉपी, पेन तथा पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप वितरित करने के साथ हुआ। इस आयोजन से विद्यालय के छात्रों में नए सत्र को लेकर अपार उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ, जो क्षेत्रीय शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!