रंगों में रंगा खवासा का भगोरिया, राजनीतिक दलों ने निकाली गैर, मांदल की थाप पर खूब थिरके नेता और ग्रामीण, ड्रोन से रखी गई कड़ी निगरानी, दल बल के साथ मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन…

Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
जिले के खवासा गांव में शनिवार को आदिवासी अंचल का प्रसिद्ध भगोरिया पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक रंगत के साथ मनाया गया। दोपहर 1 बजे तक माहौल थोड़ा शांत रहा, इसके बाद बाजार में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और युवक-युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। ढोल और मांदल की थाप पर हर कोई झूमता दिखाई दिया, जिससे पूरा वातावरण उल्लास से भर गया।

भगोरिया हाट में इस बार भी राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के साथ गेर निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। जयेश के कार्यकर्ता द्वारा भी गैर निकाली। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ढोल-मांदल की थाप पर नाचते-झूमते हुए शामिल हुए। पूरे नगर में भगोरिया का रंग छाया रहा और लोग एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए।

ग्राम पंचायत खवासा के सचिव कांतिलाल परमार द्वारा बताया गया की स्थानीय प्रशासन के लिए टेंट व कुर्सियां लगाकर बैठक की व्यवस्था हनुमान चोक पर की गई थी। पंचायत द्वारा बस स्टैंड पर सुरक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। तो वही ग्रामीणों के लिए पेयजल हेतु ग्राम पंचायत द्वारा जगह जगह टैंकर भी रखे गए। एवं स्वास्थ शिविर भी लगाया गया था जिसमे कई अन्य प्रकार की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम पंचायत सरपंच, उप सरपंच, सचिव द्वारा आयोजन को लेकर अच्छी तैयारियां की गई थीं।

सुरक्षा को लेकर थांदला एसडीओपी राजेश सुल्या एवं थाना प्रभारी अशोक कनेश, खवासा चौकी प्रभारी नरेश निनामा, राजस्व अधिकारी नायब तहसीलदार राजेश जमरा, पटवारी दिनेश राणा, दल-बल के साथ पुलिस एवं कोटवार भी तैनात रहे। साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी पूरे आयोजन पर कड़ी निगरानी रखी गई।
शांतिपूर्ण माहौल में भगोरिया पर्व का आयोजन संपन्न हुआ।




