रंग पंचमी पर निकलेगी रंगारंग गैर, इमली चौक कान्हा जी मंदिर से होगी शुरुआत…

#Jhabuahulchul
सारंगी@संजय उपाध्याय
रंगों के पर्व रंग पंचमी को लेकर नगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। धुलेटी के बाद अब रंग पंचमी पर होली का उत्साह चरम पर नजर आएगा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंग पंचमी का पर्व नगर में धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
नगर में रंग पंचमी के अवसर पर रविवार को निकलने वाली विशाल गैर को लेकर साईं मित्र मंडल की तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के सदस्यों द्वारा आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
समिति के अनुसार रंग पंचमी के दिन सुबह 11 बजे इमली चौक स्थित कान्हा जी मंदिर से गैर की शुरुआत होगी। यहां सबसे पहले कान्हा जी को रंग-गुलाल अर्पित कर पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी, जिसके बाद गैर नगर भ्रमण के लिए रवाना होगी।
गैर में पारंपरिक बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, डीजे और रंग-गुलाल के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल होंगे। पूरे मार्ग में श्रद्धालु रंगों की बौछार के साथ एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देंगे और उत्सव का आनंद लेंगे।
रंग पंचमी को लेकर नगर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इस आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि रंग पंचमी के इस पर्व को शांतिपूर्वक और शालीनता के साथ मनाएं तथा प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।





