राम नाम के संकीर्तन और फूलों की होली के साथ रायपुरिया में मनी हर्षोल्लास से रंगपंचमी…

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
रायपुरिया पेटलावद मार्ग स्थित माँ भद्रकाली मंदिर के प्रांगण में इस वर्ष भी रंगपंचमी का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रीरामशरणम् के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह होली मिलन सत्संग कार्यक्रम पिछले पच्चीस वर्षों से अनवरत जारी है, जिसमें इस वर्ष भी बड़ी संख्या में साधकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अमृतवाणी पाठ, सामूहिक जाप और भजन संकीर्तन से हुई, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु लगभग दो घंटे तक प्रभु श्री राम की भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए। आध्यात्मिक वातावरण के बीच सभी साधकों ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फूलों के साथ पारंपरिक तरीके से रंगपंचमी खेली।
सत्संग के दौरान वरिष्ठ साधक पी.एन. पवार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु श्री राम की भक्ति ही मनुष्य को सांसारिक मोह-माया के बंधनों से मुक्त कर सकती है। उन्होंने राम नाम की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि चौरासी लाख योनियों के चक्र से मुक्ति केवल राम नाम के जाप से ही संभव है। जीवन में कितनी भी विकट परिस्थितियां या मुश्किलें क्यों न आ जाएं, घबराने के बजाय ईश्वर का ध्यान करना चाहिए क्योंकि राम नाम की शक्ति हर बाधा को समाप्त कर देती है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परमात्मा ने हमें एक निश्चित समय के लिए इस धरती पर भेजा है, इसलिए हमें समय का सदुपयोग करते हुए अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए। उन्होंने साधकों को प्रेरित किया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में से कम से कम सुबह और शाम 10-10 मिनट राम नाम का जाप जरूर करें, जिससे न केवल मानसिक शांति मिलेगी बल्कि जीवन में सकारात्मक सुधार भी आएगा। इस धार्मिक आयोजन के अंत में ग्राम के उन सभी दिवंगत व्यक्तियों की आत्माओं की शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रार्थना भी की गई, जिनका पिछले एक वर्ष के भीतर देहावसान हुआ है।




