प्याज की फसल की आड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़, खेत से 333 पौधे बरामद…

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चल रही सतर्कता के बीच रायपुरिया क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जानकारी के अनुसार प्याज की फसल के बीच छिपाकर की जा रही अफीम की खेती का खुलासा हुआ है, जहां से पुलिस को लगभग 333 अफीम के पौधे मिले हैं। इस मामले ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह खेत अम्बाराम लोधा का बताया जा रहा है। आरोपी द्वारा पुलिस और प्रशासन की नजरों से बचने के लिए अफीम के पौधों को प्याज की फसल के बीच छिपाकर लगाया गया था, ताकि सामान्य खेती के रूप में इसे देखा जाए और किसी को शक न हो। लेकिन मुखबिर की सूचना के आधार पर जब संबंधित विभाग और पुलिस की टीम ने खेत की जांच की तो वहां अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की खेती सामने आ गई।
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची टीम ने खेत का निरीक्षण कर करीब 333 अफीम के पौधों को जब्त किया और उन्हें नष्ट करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी काफी समय से इस तरीके से अफीम की खेती कर रहा था और प्याज की फसल की आड़ में इसे छिपाकर रखा गया था।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस विभाग द्वारा आज शाम तक इस मामले में आधिकारिक प्रेस नोट जारी किया जाएगा, जिसमें कार्रवाई की पूरी जानकारी और लगाई जाने वाली धाराओं का उल्लेख किया जाएगा।



