प्रदीप बस हमले के मामले में नया आरोप,,,सहअभियुक्त बनाने की मांग…!

#Jhabuahulchul
पेटलावद@ओपी मालवीय
प्रदीप बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर हमले के प्रकरण में आरोपी बनाए गए राजेश मालवीय ने मामले में एक नया मोड़ लाते हुए अलीराजपुर निवासी आशुतोष पंचोली को भी सहअभियुक्त बनाने की मांग की है।
राजेश मालवीय ने थाना प्रभारी पेटलावद को दिए गए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि घटना की साजिश मुख्य रूप से आशुतोष पंचोली द्वारा रची गई थी। आवेदन के अनुसार, राजेश पूर्व में आशुतोष के यहां मैनेजर के रूप में कार्यरत था और आशुतोष ने उसे आर्थिक प्रलोभन देकर हमले के लिए उकसाया। साथ ही आश्वस्त किया कि उसके निकट संबंध थाना प्रभारी दिनेश शर्मा से हैं, जो किसी भी कानूनी कार्रवाई से उसे बचा लेंगे।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के उपरांत कथित रूप से राजेश मालवीय एवं उसके परिवार से ₹50,000 की राशि अवैध रूप से वसूली गई तथा उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर दिया गया।
राजेश मालवीय ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि समस्त परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कर आशुतोष पंचोली को भी सहअभियुक्त बनाया जाए एवं उसके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने संकेत दिया है कि यदि आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो वह उच्च अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से अपनी शिकायत आगे बढ़ाने के लिए बाध्य होंगे।
इस प्रकरण में आए ताजा आरोपों के चलते पुलिस विभाग पर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।




