पेटलावद में वीमेन मोबिलिटी सेंटर का शुभारंभ,,महिलाओं को मिलेगा आजीविका का नया अवसर….

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। आज पेटलावद में वीमेन मोबिलिटी सेंटर का उद्घाटन मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा किया गया। यह पहल टीआर आई , वाओ हब एवं इवन कार्गो की साझेदारी से प्रारंभ की गई है। केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को ड्राइविंग, संचार कौशल, आत्मरक्षा एवं डिजिटल टूल्स का प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में आजीविका के नए अवसरों से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि “अपना ए आई ” पहल के माध्यम से महिलाओं की तकनीकी क्षमता को और अधिक सशक्त किया जाएगा, ताकि वे बदलते समय के अनुरूप नई तकनीकों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचार महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे नवाचारों की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में टीम द्वारा जेंडर, गवर्नेंस, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष श्री हेमंत भट्ट, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रमेश सोलंकी, मंडल अध्यक्ष पेटलावद श्री संजय कहार, अन्य समुदाय प्रतिनिधि, टीम, सीएलएफ पदाधिकारी, महिला उद्यमी एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



