पीएम पोषण योजना को लेकर बैठक संपन्न , अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश।


पेटलावद@डेस्क रिपोर्ट
सांदीपनि विद्यालय, पेटलावद के नवीन ऑडिटोरियम हॉल में आज पीएम पोषण योजना के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान के निर्देशानुसार एवं एसडीएम पेटलावद तनुश्री मीना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
*कार्यक्रम का शुभारंभ*
बैठक की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरी ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
*एसडीएम का उद्बोधन*
एसडीएम तनुश्री मीना ने अपने उद्बोधन में कहा कि सभी समूह नियमों का पालन करते हुए बच्चों को नियमित, पोषणयुक्त तथा मेन्यू अनुसार भोजन उपलब्ध कराएं। भोजन बनाने में स्वच्छता और भंडार क्रय नियमों का विशेष ध्यान देने की भी अपील की गई।
*अधिकारियों के मार्गदर्शन*
जिला टास्क मैनेजर दीपा रावत तथा एमडीएम प्रभारी रमेश भूरिया ने समूह को बर्तन क्रय, रिकॉर्ड संधारण और भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। खाद्य एवं औषधि निरीक्षक राहुल अलावा ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सैंपल जांच से संबंधित जानकारियां साझा कीं। बैठक में कुल 289 प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रमुख तथा समूहों के अध्यक्ष और सचिव शामिल हुए।
*सहयोग और शपथ*
कार्यक्रम का संचालन मोहन सोलंकी (पूर्व बीएसी) ने किया। अतिथियों का स्वागत श्री अमलावार, राजेश पाटीदार, जनशिक्षक शंकर मेहसन और समूह अध्यक्षों द्वारा किया गया। अंत में खंड स्त्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरी ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की सफलता में जनपद शिक्षा केंद्र के सभी जनशिक्षक साथियों, कार्यालय स्टाफ, विद्यालय प्राचार्य पूरालाल चौहान तथा एमडीएम प्रभारी का विशेष सहयोग रहा।




