मुद्दे की बात, किस दिशा में भटक रही युवा पीढ़ी..?…रील की सनक,,,ऑनलाइन गेमिंग का शोक,,,कही भारी न पड़ जाए…!

#Jhabuahulchul
झाबुआ@आयुष पाटीदार
आज के समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं। मोबाइल की दुनिया ने इंसान को क़रीब लाया है, लेकिन कहीं-ना-कहीं इसने हमें हमारी असल पहचान से दूर भी कर दिया है। सबसे अधिक असर हमारी युवा पीढ़ी पर देखने को मिलता है। जिन्हें किताबों, खेल के मैदानों और भविष्य की तैयारी में समय देना चाहिए, वही युवा अब रील्स, लाइक-फॉलोअर्स और ऑनलाइन गेम्स की अंधी दौड़ में उलझते जा रहे हैं।
बच्चों और किशोरों में सोशल मीडिया का नशा इस हद तक बढ़ चुका है कि वे अपने करियर, स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा तक को नजरअंदाज कर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर फेमस होने की दौड़ में बच्चे हर दिन नई-नई रील बनाने में लगे रहते हैं। कुछ सेकंड के मनोरंजन के लिए वे घंटों समय बर्बाद कर देते हैं। कई बार तो वे खतरनाक स्टंट करते हुए अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं। रील पर वायरल होने का सपना आज का असली लक्ष्य बनता जा रहा है।
दूसरी तरफ ऑनलाइन गेम की लत भी बड़ी चिंता का विषय है। फ़्री फ़ायर, पब्जी जैसे गेम्स में बच्चे न सिर्फ समय गँवा रहे हैं बल्कि पैसों की बर्बादी भी कर रहे हैं। ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते कई नाबालिग बच्चे अपने माता-पिता की मेहनत की कमाई गँवा देते हैं। कई बार माता-पिता को यह तक नहीं पता होता कि उनका बच्चा मोबाइल में क्या कर रहा है, किससे बात कर रहा है और कौन-सी जानकारी साझा कर रहा है।
सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं हैं। यह मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाल रहा है। लाइक और कमेंट्स न मिलने पर बच्चे अवसाद का शिकार होने लगते हैं। तुलना की भावना बढ़ जाती है और आत्मविश्वास कम हो जाता है। बच्चे असल जिंदगी से कटकर एक वर्चुअल दुनिया में जीने लगते हैं, जहाँ सच्चाई कम और दिखावा अधिक होता है।
युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। उनका समय, ऊर्जा और हुनर सही दिशा में लगे तभी हमारा कल सुरक्षित होगा। सोशल मीडिया का उपयोग बुरा नहीं है, लेकिन इसका अत्यधिक और बेतुका इस्तेमाल ज़रूर आत्मविनाश का कारण बन सकता है।
झाबुआ हलचल आपसे अपील करता है —
सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें
बच्चों पर निगरानी रखें
पढ़ाई और जीवन को प्राथमिकता दें
खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें
इंटरनेट की दुनिया में सतर्कता ही सुरक्षा है। हमारे युवा चमकते रहें — पर सही मार्ग पर चलकर, अपनी असली पहचान बनाकर।




