पेटलावद

विद्यालयों का बीआरसी रेखा गिरि द्वारा लगातार निरीक्षण, मिड-डे मील, उपस्थिति व नामांकन बढ़ाने हेतु दिए सख्त निर्देश..!

Jhabuahulchul 

पेटलावद डेस्क। बीआरसी रेखा गिरि ने शनिवार को मठमठ, कन्या सारंगी, बालक सारंगी, करवड़ सहित नाहरपुरा, अमरहोली, मांडन और हनुमंतिया स्थित प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने विद्यालयों में मीनू के अनुसार ही मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने और बच्चों को पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति समय पर दर्ज की जाए। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए शिक्षकों को पालकों से निरंतर संपर्क बनाए रखने को कहा, ताकि विद्यार्थी संख्या में वृद्धि हो और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

बीआरसी गिरि ने शिक्षकों को VER सर्वे कर प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, तथा ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचे और समय से पूर्व संस्था न छोड़ें।

मध्यान्ह भोजन योजना को सुचारू रखने के लिए समूह को भंडार क्रय नियम के तहत आवश्यकता अनुसार बर्तन क्रय करने के निर्देश भी दिए गए। मीनू का पालन नहीं करने पर समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।

बीआरसी ने बताया कि सोमवार से अर्धवार्षिक परीक्षा प्रारंभ हो रही है, इसलिए सभी बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही संस्था प्रमुख व जन शिक्षकों को दिए गए सभी ऑनलाइन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान हाई स्कूल मठमठ में प्राचार्य और जन शिक्षक की उपस्थिति में संस्था प्रमुखों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें शिक्षण कार्य, उपस्थिति और विद्यालय संचालन की विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!