मेघनगर में TET परीक्षा के विरोध में शिक्षकों का जोरदार प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन…

मेघनगर डेस्क। संयुक्त मोर्चा अध्यापक संघ मेघनगर के बैनर तले शनिवार को शिक्षकों ने TET परीक्षा के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए अध्यापकों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए मेघनगर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार, मेघनगर ब्लॉक के समस्त शिक्षक विकासखंड शिक्षा कार्यालय में एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में तहसील कार्यालय तक पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने TET परीक्षा को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे उनके साथ अन्यायपूर्ण बताया।
संयुक्त मोर्चा अध्यापक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांग है कि वर्तमान में लागू की जा रही TET परीक्षा व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के हितों की अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।



