लंदन किड्स प्री स्कूल में नन्हे सितारों का सम्मान,,सभी बच्चों को मेडल व डिप्लोमा से नवाज़ा, प्ले ग्रुप से सीनियर केजी तक A+ परिणाम,,2 अप्रैल से नए सत्र की शुरुआत, कक्षा 1 से “इंडियन एथिक्स स्कूल” का शुभारंभ…!

झाबुआ@आयुष पाटीदार
लंदन किड्स प्री स्कूल, झाबुआ में दिनांक 30 मार्च 2026 सोमवार को वार्षिक मूल्यांकन के पश्चात बच्चों को सम्मानित करने का कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक कक्षा उत्तीर्ण होने पर मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया तथा डिप्लोमा प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर सीनियर केजी तक के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए A+ रैंक प्राप्त की, जिससे बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नन्हे बच्चों के चेहरे पर सफलता की चमक और अभिभावकों के चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों की प्रगति केवल शैक्षणिक नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, व्यवहार, भाषा कौशल और रचनात्मक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। मंच पर बच्चों को सम्मानित किए जाने से उनका आत्मविश्वास और अधिक मजबूत हुआ।
इस सफलता के पीछे विद्यालय की शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। प्ले ग्रुप से यादव मेम, नर्सरी से शक्ति मेम, जूनियर केजी से रीता मेम और सीनियर केजी से सायमन मेम ने पूरे सत्र में बच्चों को समर्पण के साथ शिक्षण दिया और उन्हें सफलता की राह पर आगे बढ़ाया। वहीं विद्यालय के मैनेजमेंट में हिमांशी मेम और प्रबंधक हरीश यादव ने व्यवस्थाओं को बड़े ही लगन और जिम्मेदारी के साथ संभाला।
प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर यह भी घोषणा की गई कि विद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026–27 की शुरुआत दिनांक 02 अप्रैल 2026 गुरुवार से की जाएगी।
साथ ही इस सत्र से कक्षा 1 से “इंडियन एथिक्स स्कूल” का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसे हर वर्ष एक-एक कक्षा बढ़ाते हुए आगे बढ़ाया जाएगा और भविष्य में इसे कक्षा 12वीं तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस नई पहल में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कार, नैतिक शिक्षा और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बच्चे न केवल पढ़ाई में बल्कि जीवन मूल्यों में भी आगे बढ़ सकें।
पूरे आयोजन में बच्चों की उपलब्धियों का जश्न,
अभिभावकों का उत्साह और शिक्षकों की मेहनत स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह कार्यक्रम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम साबित हुआ।





