करवड़ में सुरक्षा ‘राम भरोसे’, ₹2.5 लाख के कैमरे हुए ‘अंधे…!
बाल मेले का होगा आयोजन,,सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल...?

#Jhabuahulchul
करवड़@सूरज गामड़
विकासखंड पेटलावद की ग्राम पंचायत करवड़ में ग्रामीण सुरक्षा के दावे कागजी साबित हो रहे हैं। गांव की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से पंचायत द्वारा लगाए गए करीब 35 सीसीटीवी कैमरे पिछले कई महीनों से बंद पड़े हैं। आश्चर्य की बात यह है कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी वर्तमान में एक भी कैमरा नगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चालू स्थिति में नहीं है।

सुरक्षा के नाम पर ₹2.5 लाख का ‘अंधेर’
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ने करीब 2 लाख से 2.5 लाख रुपये की लागत से ये कैमरे लगवाए थे। इन्हें स्थानीय बस स्टैंड, चांदनी चौक, पाटीदार मोहल्ला, चारभुजा नाथ मंदिर और जय मां अंबे माता मंदिर जैसे संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर लगाया गया था। लेकिन देखरेख के अभाव में ये कैमरे अब केवल बिजली के खंभों पर लटके ‘शोपीस’ बनकर रह गए हैं।
फिर भी जिम्मेदार बेपरवाह…!
वर्तमान में ग्राम पंचायत द्वारा बाल मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भारी संख्या में बच्चों और ग्रामीणों की मौजूदगी रहती है। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों का चालू रहना अनिवार्य है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में पंचायत सचिव को कई बार मौखिक और लिखित रूप में अवगत कराया गया, लेकिन प्रशासन ने अब तक इसकी सुध नहीं ली है।













