खवासा में चोरी का आतंक,,,खेतों से लगातार पानी की मोटरें पार..!

#Jhabuahulchul
खवासा@आनंदीलाल सिसोदिया/आयुष पाटीदार
क्षेत्र में इन दिनों पानी की मोटर चोर गिरोह का आतंक छाया हुआ है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान और आम जनता बुरी तरह प्रभावित हैं। ताजा मामला बीती रात का है, जब नगर के विभिन्न स्थानों से चोरों ने फिर कई पानी की मोटरें चुरा लीं। हैरत की बात यह है कि बार-बार चोरी की वारदातें होने के बावजूद स्थानीय पुलिस अभी तक एक भी चोर को पकड़ने में सफल नहीं हो पाई है, जिससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कल रात की वारदात:
बीती रात हुई चोरी की घटना में पाँच किसानों की मोटरें निशाना बनीं। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र पिता मोतीलाल पटेल, हीरालाल पटेल, संजय पिता गोरधन रावत, सुरेश पिता रणछोड़ डेरिया और देवेंद्र पिता गणपत पाटीदार के खेतों से पानी की मोटरें चोरी कर ली गईं। खेतों में पानी देने के मुख्य साधन की चोरी हो जाने से किसानों को अब सिंचाई के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह चोरियाँ कोई नई बात नहीं है। पिछले साल भी क्षेत्र में पानी की मोटर चोरी के कई मामले सामने आए थे, लेकिन पुलिस उस समय भी चोरों का पता लगाने में नाकाम रही थी।
पुलिस का खुफिया तंत्र पूरी तरह कमजोर हो चुका है, जिसके कारण छोटी-छोटी चोरियों का भी खुलासा नहीं हो पा रहा है।




