झाबुआ

जहरीली केमिकल फैक्ट्रियों के खिलाफ जन आंदोलन : मेघनगर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन का ऐलान…!

#Jhabuahulchul 

झाबुआ@हरीश यादव 

मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र में जहरीले रसायनों का अवैध रूप से उत्सर्जन कर मानव जीवन, पशु-पक्षी, पेड़-पौधे और फसलों को गंभीर खतरा पहुंचाने वाली केमिकल फैक्ट्रियों के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन की तैयारी हो रही है। जिला कांग्रेस कमेटी झाबुआ के नेतृत्व में यह आंदोलन 24 सितंबर 2025, बुधवार को प्रातः 11 बजे औद्योगिक क्षेत्र टूटीमाता, मेघनगर में आयोजित किया जाएगा।

आंदोलन का मुख्य उद्देश्य इन केमिकल फैक्ट्रियों को तत्काल प्रभाव से बंद करवाना है, ताकि क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पिछले समय से मेघनगर और झाबुआ ब्लॉक के आसपास के लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में पेयजल स्रोत जैसे हैंडपंप, बोरवेल, कुएं और नदीनालों में खतरनाक रसायनों का मिश्रण पाया जा रहा है। इसके कारण पशु पक्षी लगातार मर रहे हैं, फसलें चौपट हो गई हैं और लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।

इस संघर्ष में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया, स्थानीय विधायक वीरसिंह भूरिया, जिला प्रभारी हिरालाल, सह प्रभारी गिरीश जायसवाल और संजय दत्त के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

प्रकाश रांका (अध्यक्ष जिला कांग्रेस झाबुआ), यामीन शेख (अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस मेघनगर) और ललिता मुनिया (अध्यक्ष जनपद पंचायत मेघनगर) ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वह इस महत्वपूर्ण आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने क्षेत्र की पर्यावरण सुरक्षा व स्वास्थ्य के लिए जागरूकता फैलाएं।

यह आंदोलन क्षेत्रवासियों के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित होगा। जनता से आह्वान किया गया है कि वह इस न्यायपूर्ण संघर्ष में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!