झाबुआ में छात्र की आत्महत्या पर अधीक्षक निलंबित, प्रशासन ने उठाया सख्त कदम…!

#Jhabuahulchul
झाबुआ@हरीश यादव
जनजातीय सीनियर बालक छात्रावास क्रमांक 5 में 17 वर्षीय छात्र द्वारा आत्महत्या करने की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए छात्रावास के अधीक्षक, रमसु अमलियार (मूलपद माध्यमिक शिक्षक) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश जिला झाबुआ के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा दिनांक 08.09.2025 को जारी किया गया है।
आदेश में बताया गया है कि छात्रावास में रहने वाले छात्र की आत्महत्या की सूचना मिलने पर यह पाया गया कि अधीक्षक ने अपने पदीय दायित्वों का सही तरीके से पालन नहीं किया और छात्र की सतत निगरानी नहीं की। इस लापरवाही और उदासीनता के परिणामस्वरूप छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया। ऐसे में शासन ने नियम 1966 की धारा 9 (1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से रमसु अमलियार को निलंबित किया गया है।

निलंबन के दौरान उनका वेतन जीवन निर्वाह भत्ते तक सीमित रहेगा। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन काल में रमसु अमलियार मुख्यालय खण्ड शिक्षा कार्यालय, जिला झाबुआ में नियत किए जाएंगे।
इस घटना ने छात्रावास प्रशासन पर सवाल खड़ा कर दिया है। अब पुलिस और संबंधित विभाग पूरी तरह से मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है।
प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि शिक्षा संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




