गणेश चतुर्थी पर गांव में छाया उत्साह,,,बारिश की बूंदों ने बढ़ाई रौनक…!

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
गणेश चतुर्थी का पर्व इस बार बुधवार को भगवान गणेश जी के वार पर ही मनाया गया। गांव में गणपति बप्पा के आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बाजार में चहल-पहल रही, वहीं इंद्रदेव ने हल्की बारिश की बूंदों से मानो गणपति का स्वागत कर माहौल को और भी मंगलमय बना दिया।
गांव के बाजार में स्थित चारों दुकानों पर गणेश जी की मूर्तियों की खरीदारी के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। छोटे-बड़े आकार की मूर्तियां श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार खरीदीं। जगह-जगह बच्चों और महिलाओं में मूर्तियां चुनने का खास उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर गणेशोत्सव की तैयारियां भी पूरे जोरों पर रहीं। गांव में बने विभिन्न पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं रंग-बिरंगी लाइट डेकोरेशन से रात में पूरा गांव जगमगाने लगा है। कई स्थानों पर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।
गांव के श्रद्धालु अब शुभ मुहूर्त में गणपति बप्पा की स्थापना के लिए बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं। आने वाले दस दिनों तक गणपति की आराधना, भक्ति गीतों, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक गतिविधियों के बीच गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी मिलकर गणेशोत्सव को यादगार बनाने में जुटे हैं।





